रायवाला: श्यामपुर में मुख्यमंत्री का दौरा कल! क्षेत्र के विकास को लेकर जनता की उम्मीदें जगीं

श्यामपुर में मुख्यमंत्री का दौरा कल! क्षेत्र के विकास को लेकर जनता की उम्मीदें जगीं 
श्यामपुर में मुख्यमंत्री का दौरा कल
महेश पंवार/ रायवाला।
प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद पहली बार मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत न्याय पंचायत श्यामपुर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में पहुंच रहे है। वहीं मुख्यमंत्री की इस दौरे के लेकर जनता में काफी उत्साह भी है और उम्मीदें भी। 
रविवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत न्याय पंचायत श्यामपुर के खैरीकलां में जनसभा को सम्बोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी है। विधान सभा अध्यक्ष प्रेमचन्द अग्रवाल ने खुद कार्यक्रम स्थल का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। जानकारी के अनुसार विभिन्न योजनाओं की स्वीकृति दिए जाने पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत एवं उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत का आभार जताया जाएगा। 


गौरतलब है कि न्याय पंचायत श्यामपुर में कई महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणाएं तो हुई मगर बजट के अभाव के चलते योजनाएं आज भी लंबित पड़ी हैं। अब क्षेत्र में प्रदेश के मुखिया केे आगमन से कई योजनाओं के पूरे होने की उम्मीदें जगी है। बात राज्य वित्त के साढ़े पांच करोड़ से बनने वाले रायवाला प्रतीतनगर संपर्क मार्ग की हो या रायवाला, गुमानीवाला, खदरी खड़कमाफ में पेयजल योजना या फिर राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क से सटे ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ रहे जंगली जानवरों के आतंक की। क्षेत्र की जनता को आज भी इन समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। रायवाला प्रतीतनगर संपर्क मार्ग की घोषणा को साल भर हो चुका है लेकिन धरातल पर कितना काम हुआ यह जनता जानती है। खास बात यह है कि इस योजना को शिलान्यास खुद विधान सभा अध्यक्ष प्रेमचन्द अग्रवाल द्वारा किया गया था। 


खास बात यह है कि प्रदेश के दो मुख्यमंत्रियों द्वारा की गई घोषणाओं के बाद भी हरिपुरकलां नई बस्ती के ग्रामीणों की संपर्क मार्ग की समस्या का आज तक समाधान नही हो पाया है। जबकि लोक सभा चुनाव के दौरान आचार संहिता लगने से एक दिन पहले ही वर्तमान केंद्रीय मंत्री ड़ा रमेश पोखरियाल निशंक द्वारा नई बस्ती के लोगों के सड़क बनाने जाने के कार्य का शिलान्यास किया जा चुका था। इको सेंसेटिव जोन के मुददे को लेकर जनता काफी चिंता में है इसके विरोध में स्थानीय लोग संगठन बनाकर लगातार आंदोलनक कर रहे है। आयोजित कार्यक्रम में जनता इस मुददे को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखने जा रही है। 
लोगों को उम्मीदें है कि मुख्यमंत्री के माध्यम से इस समस्या से क्षेत्र की जनता को कुछ राहत मिल सकती है। वहीं प्रतीतनगर, रायवाला और गौहरीमाफी के साथ साथ रायवाला छावनी को मुख्यमार्ग से जोड़ने वाले एक मात्र संपर्क मार्ग पर रेलवे फाटक यहां की जनता की मुख्य समस्याओं में से एक है। यह वह समस्याएं है जिनका सरोकार सीधे जनता से जुड़ा हुआ है लेकिन इन मूलभूत सुविधाओं को लेकर जनता के हाथ सिर्फ आश्वासन ही लगा है। अब देखना यह होगा कि रविवार को होने वाले एक कार्यक्रम में जनता की समस्याओं का समाधान हो पाता है या फिर आश्वासन देकर उनको टाल दिया जाता है।

खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇