भाजपा नेताओं की फोटो बैनर में लगा कैडर वोट पर हाथ साफ कर रहे निर्दलीय प्रत्याशी..
![]() |
| फोटो -निर्दलीय प्रत्याशी के बैनर में भाजपा के बड़े नेताओं के चेहरे। |
महेश पंवार/रायवाला।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भाजपा ने भले ही अपने समर्थित प्रत्याशीयों को जिला पंचायत सदस्य के चुनाव मैदान में उतरा है, लेकिन कई जिला पंचायत सीटें ऐसी हैं जहां भाजपा ने अपना अधिकृत प्रत्याशी चुनाव मैदान में नही उतारे हैं, ऐसे में कई निर्दलीय प्रत्याशीयों बहती गंगा में हाथ धो रहे हैं, और भाजपा नेताओं का फोटो को अपने बैनरों में लगा कर भाजपा का कैडर वोट पर हाथ साफ करना चाहते हैं। लोगों के बीच भी ये पोस्ट चर्चा का विषय बने हुए हैं।
जिला पंचायत की हरिपुरकलां सीट पर भले ही भाजपा अधिकृत प्रत्याशी चुनाव मैदान में न हो लेकिन निर्दलीय प्रत्याशी के बैनर में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और संगठन के पदाधिकारियों की फोटो चर्चा का विषय बना हुआ है। सूत्र बताते हैं कि कई भाजपा नेताओं द्वारा निर्दलीय प्रत्याशी को समर्थन किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि निर्दलीय को समर्थन देने के लिए पार्टी के कई बड़े पदाधिकारियों ने हरिपुरकलां स्थित एक आश्रम में बैठक की जिसमें यह निर्णय लिया गया। सूत्र बताते है कि कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए संजय पोखरियाल पार्टी के पदाधिकारियों को भा नही रहे है वहीं बात मनोज जखमोला की करें तो उनपर पार्टी से बगावत करने का ठप्पा लगा होने को कारण दोनों को अधिकृत प्रत्याशियांे की सूची से बाहर रखा गया।
वहीं इसी सीट पर चुनावी मैदान में खड़ी दिब्या बेलवाल के पोस्टर बैनर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित राष्ट्रीय व राज्य स्तर के नेताओं की तस्वीरें लगी होने से पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। जबकि इसका अधिकार पार्टी ने अधिकृत प्रत्याशी को दिया हुआ है। वहीं इस बारे में जिलाध्यक्ष समशेर सिंह पुण्डीर का कहना है कि यदि कोई पार्टी के नेताओं की तस्वीर लगाना चाहता है तो इसमें बुराई नही है। उन्होने कहा कि यह नियम उन जगह पर लागू होता है जहां पार्टी अधिकृत प्रत्याशी चुनाव मैदान में खड़ा हो। बड़ी बात यह है कि ऐसे में जब सिंबल का उपयोग न हो रहा हो तब मात्र पार्टी नेताओं के चेहरे ही पोस्टर पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी होने की मोहर होते हैं और जब निर्दलीय भी ऐसा कर सकते हैं तो फिर आखिर अन्तर क्या रह गया।
