शराब की दुकान की रंजिश! ट्राली और सामान में आग लगाने का आरोप
रायवाला स्थित देशी शराब दुकान पर दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के साथ गाली गलोच करते हुए उसकी सामान में आग लगा दी इस दौरान ट्राली में भी आग लग गयी। पीड़ित पक्ष ने रायवाला थाने में तहरीर दी है।
मामला देर रात का है। रायवाला गांव निवासी संतोष खत्री ने रायवाला पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीते वर्ष देशी शराब की कैंटीन का संचालन उसके पास था और वर्तमान समय में उक्त कैंटीन का संचालन किसी अन्य के पास है। संतोष का कहना है कि ठेके का स्वामित्व बदल जाने के बाद वह अपने सामान को लेने के लिए ठेके पर गया हुआ था। इसी दौरान पंकज शाही नाम के व्यक्ति ने उसके साथ गाली गलौज की और उसे जान से मारने की धमकी दी। संतोष खत्री का कहना है कि जैसे ही मै सामान लेकर चलने लगा उक्त युवक ने सामान में आग लगा दी इस दौरान ट्राली में भी आग लग गयी और ट्राली के दोनों टायर जल गए। वहीं पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
