रायवाला: रीना की जीत को जुटे आरएसएस स्वयं सेवक

रीना की जीत को जुटे आरएसएस स्वयं सेवक
आरएसएस स्वयं सेवक
महेश पंवार / रायवाला।
हरिपुर सीट पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी के चुनाव से पहले ही रोल बैक कर लेने से यह सीट दूसरे दावेदारों के लिए आसान हो गयी है। हालांकि इस सीट पर भाजपा नेता संजय पोखरियाल की पत्नी रीना व राजकीय महाविद्यालय ऋषिकेश में एनएसयूआई से कोषाध्यक्ष रही दिव्या बेलवाल दावेदार हैं। चुनावी जंग भी इन दोनों के बीच सिमटी हुई है। रीना पोखरियाल भाजपा से भले ही नाता रखती हो लेकिन संगठन से जुड़े कई स्थानीय नेताओं के विरोध की वजह से भाजपा ने उनको अधिकृत प्रत्याशी घोषित करने से कन्नी काट दी। 

मजेदार बात यह है कि कांग्रेस से ताल्लुक रखने वाली दिव्या बेलवाल के पोस्टर बैनर पर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री समेत तमाम भाजपा नेताओ की तस्वीरें लगी हुई हैं। माना जा रहा है कि अंदरखाने उनको भाजपा संगठन के नेताओं का साथ मिला हुआ है। यही वजह है कि अभी तक भाजपा संगठन ने दिव्या के पोस्टर बैनर पर भाजपा नेताओं की तस्वीर होने के बाबजूद इस पर आपत्ति नहीं की। इससे यह भी जाहिर हो रहा है कि भले ही रीना पोखरियाल भाजपा से जुड़ी है, लेकिन उनको भाजपा नेताओं का साथ नहीं मिल रहा है। चुनावी मैदान में प्रचार-प्रसार के दौरान भी उनके साथ भाजपा संगठन का कोई नेता खड़ा नहीं दिखाई दिया। वहीं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ खुले तौर पर संजय पोखरियाल के साथ खड़ा है। आरएसएस के स्वयंसेवक ही उनके चुनाव प्रचार की कमान संभाले हुए हैं। आरएसएस के एक स्थानीय वरिष्ठ पदाधिकारी कार्यालय से ही चुनाव गतिविधियों का संचालन हो रहा है।

खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇