ऋषिकेश से बौराडी-रजाखेत को जा रही बस के ब्रेक हुए फेल!
ऋषिकेश से बौराडी-रजाखेत को जा रही बस संख्या यूके 07 पीसी 0 577 के ब्रेक फेल होने से बस ढलान पर पीछे की ओर चल दी, और यहीं नरेंद्र नगर चैराहा संगम होटल के सामने खड़ी कार संख्या यूके 14 बीओ-274 से जा टकराई जिससे कार का अगला हिस्सा काफी हद तक क्षतिग्रस्त हो गया। साथ ही पीछे खड़ी कार ना07×35 37 से भी टकरा गई जिससे कार का पिछला हिस्सा दब गया।
घटना नरेंद्र नगर बीच चैराहे की है। बस ऋषिकेश से नई टिहरी जा रही थी ठीक 11ः15 बजे बस नरेंद्र नगर चैराहे पर पहुंची ,जहां पर कुछ यात्री बस से उतरे। देखते ही देखते बस ढलान पर पीछे की ओर चलने लगी और शूरवीर कैंतुरा की कार से टकरा गई, कार का अगला हिस्सा काफी हद तक क्षतिग्रस्त हो गया इसी के साथ पीछे खड़ी संजय चैहान की कार के पिछले हिस्से पर भी टक्कर लगने से कार का पिछला हिस्सा दब गया।
गनीमत यह रही कि ब्रेक फेल होने की घटना के समय नरेंद्र नगर चैराहे पर बस के पीछे, कार में व सड़क पर उस वक्त कोई व्यक्ति नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। लोगों का कहना है कि यदि यह घटना रोड पर चढ़ाई में ऐसी जगह होती जहां ढंगार है तो वहां हालात क्या होते? इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।यहां जनप्रतिनिधियों ने मांग की है कि खटारा हालत की गाड़ियों को रोड पर चलने से बंद किया जाना चाहिए और गाड़ी की फिटनेस की जांच की जानी चाहिए ताकि वाहनों में यात्री अपने को सुरक्षित महसूस कर सकें।
