साफ-सफाई पर हुई नरेन्द्रनगर नगरपालिका सख्त! जिओ कंपनी पर काटा 5 हजार का चालान।

साफ-सफाई पर हुई नरेन्द्रनगर नगरपालिका सख्त! जिओ कंपनी पर काटा 5 हजार का चालान।
वाचस्पति रयाल।
नरेंद्र नगर। शहर में 44वें कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की तैयारियां इन दिनों जोरों पर हैं। पालिका अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार  तैयारियों के कार्यों पर विशेष नजर रखे हुए हैं। ज्ञात हो कि विगत 3 सितंबर को पालिका परिषद के टाउन हॉल में आयोजित मेले की बैठक क्षेत्रीय विधायक और प्रदेश के कृषि मंत्री सुबोध उनियाल की अध्यक्षता एवं जिलाधिकारी डॉक्टर वी षणमुगम के मौजूदगी में आयोजित की गई थी।

उक्त बैठक में मेले के सफल व भव्य आयोजन हेतु विभिन्न समितियों का गठन किया गया था। पालिका का मेले की जोरदार तैयारियों के साथ-साथ स्वच्छता अभियान पर भी विशेष फोकस है। वर्ष 1974 से  आयोजित होने वाले इस मेले में  इस बार नये खेलों के आयोजन पर विशेष बल दिया जा रहा है।
 नए अंदाज में शहर को सजाने-संवारने के तौर-तरीकों से दिखाई दे रही चमक-दमक से साफ झलक रहा है कि इस बार मेले में काफी कुछ खास और नया देखने को मिलेगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खेलों में काफी कुछ नया दिखने की पूरी संभावना है। पहली बार मेले में 21 किलोमीटर की  हाफ मैराथन दौड़ कराई जाएगी  जिसमें  प्रथम ,द्वितीय और तृतीय को क्रमशः  21हजार, 11हजार और  51 सौ रुपये  तथा इसी तरह पहली बार मेले में पहाड़ी पारंपरिक वेशभूषा का प्रदर्शन भी खास आकर्षण का केन्द्र होगा ।इस प्रतियोगिता में भी  प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले को 11हजार,51सौ और21सौ रुपए की नगद धनराशि दी जाएगी।
मेले में इस बार पहाड़ी पकवान का भी दर्शक  लुफ्त उठा पाएंगे।  इस बार पालिका परिसर को नए अंदाज में सजाया-संवारा जा रहा है, पालिका के नए लुक में दिखाई देने पर मेले की रौनक  के साथ आकर्षण बढ़ना स्वाभाविक है। पालिका द्वारा  साफ-सफाई अभियान को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। इससे जहां शहर स्वच्छ होगा वहीं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वच्छ भारत अभियान को भी विशेष बल मिलेगा। इसी अभियान के तहत बाजार की सड़क की नालियों में जिओ कंपनी का बड़ा  रबर पाइप का बंडल लंबे समय से पड़ा हुआ था, जिससे पानी रुकने के साथ गंदगी  सड़क पर फैल रही थी,बार-बार पाइप का बंडल उठाने का आग्रह न मानने पर 5हजार का चालान पालिका को काटना पर विवश होना पड़ा।

मच्छरों से बचाव के लिए शहर के विभिन्न हिस्सों में मशीन द्वारा फागिंग की जा रही है। पालिका अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार का कहना है,कि स्वच्छता को ले कर पालिका की अपील का जिन पर असर  नहीं पड़ेगा उनका चालान काटा जाएगा। कहा कि गंदगी को बढ़ावा देने वालों पर पालिका शिकंजा कसने से नहीं हिचकेगी। पालिका अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार स्वच्छता अभियान पर काफी सख्त नजर आ रहे हैं, पंवार का कहना है कि बार-बार पालिका शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए पिछले कुछ महीनों से लगातार शहरवासियों और विकास कार्य कर रही  विभिन्न विभागों से शहर में स्वच्छता बनाए रखने की अपील करती रही है, मगर जिन पर अपील का असर नहीं पड़ेगा उनके  विरुद्ध कार्रवाई  के अलावा और क्या चारा है।
पालिका अध्यक्ष ने कहा 44 वें कुंजापुरी पर्यटन विकास मेले की तैयारियां जोरों पर हैं, प्रदेश स्तर के इस मेले की भव्यता बनाए रखने के लिए स्वच्छता भी मेले का एक हिस्सा है। मेले के आयोजन से जहां सांस्कृतिक और खेलों  के क्षेत्र में प्रतिभाओं को बढ़ावा मिलेगा वहीं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के स्वच्छता अभियान को धरातल पर उतारना हमारा मुख्य लक्ष्य है ,उन्होंने कहा शहर की अंदरूनी हिस्से की सड़कों पर, जिसने भी गंदगी का अंबार लगा रखा हो अथवा मकान बनाकर मैट्रियल छोड़ा हुआ हो, उनसे पिछले महीनों से पालिका मैट्रियल को उठाने, गंदगी न करने पॉलीथिन उन्मूलन में सहयोग देने की अपील लगातार करती रही है।

अपील के बावजूद भी जिन पर असर नहीं पड़ेगा उनके  विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जायेगी। साफ-सफाई के चलते शहर का सौंदर्यकरण का कार्य जोरों पर है। इस कार्य के चलते। बाजार में दुकानों पर लगे दुकानदारों के लिखित बोर्ड भी हटाए जा रहे हैं, जिस पर व्यापार वर्ग सहित दुकानदारों ने पालिका अध्यक्ष पंवार से  बोर्ड ने हटाए जाने की मांग की है।  पालिका अध्यक्ष ने कहा एक बार पूरे शहर में रंग रोगन होने दीजिए, देखिए शहर का लुक कैसे दिखाई देता है, उन्होंने कहा मेले के समापन के बाद इस विषय पर विचार विमर्श किया जाएगा और कहा कि  शहर का सौंदर्य करण जिस तरह भी बढ़िया लगे सभी उसमें सहयोग करेंगे। कहा कि वे व्यापारी वर्ग सहित सभी का शहर के विकास में सहयोग चाहेंगे।

खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇