अनैतिक देह व्यापार में एक और गिरफ्तार, पूछताछ जारी
-कुलदीप राणा आज़ाद/रूद्रप्रयाग
रूद्रप्रयाग। बीते 25 जून को रूद्रप्रयाग मुख्यालय के एक होटल में नाबालिग बच्चियों के साथ अनैतिक देह व्यापार के मामले में रूद्रप्रयाग कोतवाली पुलिस ने दो महिलाओं और होटल मालिक को जेल भेज दिया था। वहीं इस मामले कि विवेचना करते हुए देह व्यापार में ग्राहक के रूप में नाबालिग बच्चियों के शोषण करने जुर्म में एक और व्यक्ति की गिरफ्तारी कर ली गई है। पुलिस द्वारा उक्त व्यक्ति से लगातार पूछताछ की जा रही है।
आपको बताते चले कि पिछले दिनों रूद्रप्रयाग मुख्यालय में होटल रिवर ब्यू में दो महिलाओं द्वारा अपनी नाबालिग बच्चियों के साथ जिस्म फरोशी का व्यापार करवाया जा रहा था, सूचना पर पुलिस ने होटल में दबिश देकर दोनों महिलाओं और होटल मालिक को गिरफ्तार किया था, उसके बाद नाबालिग बच्चियों के बयान के आधार पर उक्त आरोपियों के विरुद्ध मु0अ0सं0 31/19 धारा 7 (1) ख/अनैतिक देह व्यापार अधिनियम व 3/4 पोक्सो अधिनियम व 372 भा0द0वि0 का अभियोग पंजीकृत कर जेल भेज दिया गया था।
पुलिस ने विवेचना जारी रखी और ऐसे व्यक्तियों का चिन्हीकरण किया, जिनके द्वारा समय-समय पर पीड़िता का शोषण किया गया था। जांच में पीड़िता का शोषण करने वाले 1 व्यक्ति प्रकाश सिंह राणा पुत्र बलवीर सिंह राणा निवासी धुयेली (कमेड़ा), जनपद रूद्रप्रयाग को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
अब तक प्रकरण में रूद्रप्रयाग पुलिस द्वारा कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जबकि अभी भी कई लोग पुलिस की रडार पर हैं। सूत्रों की माने तो पुलिस की रडार पर कई सरकारी कर्मचारी भी है जो नाबालिकों का शोषण करते थे, बहरहाल पुलिस की शुरूआती मुस्तैदी के बाद इस मामले में ढीला रवैया भी देखा जा रहा जिसे स्थानीय लोगों में खुशफुस के रूप में सुना जा रहा है। अब देखना होगा कि पुलिस की कार्रवाई कितने चेहरों को बेनकाब करती है।
