नरेंद्र नगर- नशा मुक्ति के लिए चलाया जन- जागरूकता अभियान
![]() |
| फोटो- जागरूकता अभियान का उद्धघाटन करते नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार |
- वाचस्पति रयाल/नरेंद्र नगर।
उत्तराखंड को व्यसन मुक्त करने के लिए प्रजापिता ब्रह्माकुमारी विश्वविद्यालय संस्था द्वारा 6 से 31 अक्टूबर तक जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी विश्वविद्यालय शाखा नरेंद्र नगर के तत्वावधान में यहां पालिका के रामलीला मैदान में आयोजित नशा व व्यसन मुक्त उत्तराखंड बनाने के लिए एक दिवसीय विचार गोष्ठी आयोजित की गई।
नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार की अध्यक्षता एवं प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्था के मेहर चंद के संचालन में आयोजित इस गोष्ठी में व्यसन मुक्त उत्तराखंड पर बोलते हुए पालिका अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार ने कहा कि आज लोग बुरे व्यसनों के शिकार होते जा रहे हैं और खासकर युवा वर्ग ड्रग्स का शिकार होता जा रहा है जिससे समाज में विकृतियां फैलती जा रही हैं ।
गलत रास्ते पर कदम रखने वाले इन नवयुवकों को सही रास्ता दिखाने के लिए इस तरह का नशा मुक्ति अभियान निश्चित तौर पर कारगर सिद्ध होगा। प्रजापिता ब्रम्हाकुमारी संस्था के डा०सचिन, डा०राज योगी,अमित विश्वास, डा०राम बाबू, बी के मेहर चंद व मीरा बहिन ने व्यसन मुक्ति अभियान के बारे में गोष्ठी में उपस्थित लोगों से उक्त अभियान के संबंध में अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि आज समाज में फैलते जा रहे बुरे व्यसनों के आदि हो रहे लोग न सिर्फ अपने आप को बल्कि पूरे समाज को बिगाडने का काम कर रहे हैं। बताया कि जीवन को आनंद और खुशी के साथ कैसे जिया जाए इस कला को जो व्यक्ति अपने जीवन में उतार लेता है वही मनुष्य का वास्तविक जीवन जीता है।
इस बात पर चिंता व्यक्त की गई कि नशा एक फैशन के रूप में युवाओं में घर कर रहा है, जो समाज को पतन की ओर ले जाने का रास्ता है। युवाओं को इससे कैसे छुटकारा मिले उसके लिए जन जागरूकता अभियान चलाना जरूरी है। बताया कि विकट परिस्थितियों में अशांत मन को कैसे शांत अवस्था में लाया जाए और संघर्ष के बल पर जीवन को कैसे निखारा जाए, इससे निपटने की कला जीवन को खूबसूरत बना देती है। बताया कि उनका व्यसन मुक्ति का यह अभियान 6 से 31 अक्टूबर तक उत्तराखंड के सभी जनपदों में चलाया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन ब्रम्हाकुमारी के बीके मेहर चंद व नरेंद्र नगर शाखा की संयोजक बी के ज्योति ने संयुक्त रूप से किया ने किया।
