वोटरों को लुभाने के लिए पहाड़ लाई जा रही 465 पेटी अवैध शराब पकड़ी! ट्रक सीज दो गिरफ्तार

रायवाला पुलिस ने पकड़ी अवैध शराब की बड़ी खेप, 465 पेटी अंग्रेजी शराब की तस्करी में दो गिरफ्तार, एक ट्रक सीज 
465 पेटी अवैध शराब पकड़ी
महेश पंवार/रायवाला 
थाना रायवाला की पुलिस ने तस्करी की जा रही शराब की बड़ी खेप पकड़ी है। यह शराब त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में वोटरों को लुभाने के लिए पर्वतीय क्षेत्र में ले जाई जा रही थी। पकड़ी गई 465 पेटी अंग्रेजी शराब की कीमत 27 लाख रूपये आंकी गयी है। तस्करी में संलिप्त दो लोगों को गिरफ्तार तथा तस्करी में प्रयुक्त वाहन को सीज किया गया है। 

शुक्रवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि देहरादून की तरफ से एक ट्रक में भारी मात्रा में शराब तस्करी कर लायी जा रही है, जो सम्भवतः कोटद्वार के रास्ते पर्वतीय क्षेत्र में सप्लाई होनी है। इस सूचना पर हरकत में पुलिस ने तत्काल थाना रायवाला के पास हाइवे पर बैरियर लगाकर सघन चैकिंग शुरू की। इस दौरान देहरादून की तरफ से तेजी से आ रहे एक आयशर ट्रक संख्या यूके07सीबी 6339 को रोका गया। तलाशी लेने पर ट्रक से 465 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई। शराब तस्करी के आरोप में नवीन कुमार पुत्र त्रिलोक राम निवासी गोरा पड़ाव थाना हल्द्वानी व चन्दन सिंह बिष्ट पुत्र राम सिंह बिष्ट निवासी जैती, जाख थाना लम्गडा जिला अल्मोड़ा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनो व्यक्तियों ने बताया कि शराब को त्रिस्तरीय चुनाव में वोटरों को लुभाने के लिये कोटद्वार के रास्ते पर्वतीय क्षेत्र में ले जा रहे थे। 

रायवाला के थानाध्यक्ष अमरजीत सिंह रावत ने बताया को दोनों के विरूद्व आबकारी अधिनियम के अन्तर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पकड़ी गई शराब की कीमत 27 लाख रूपये है। तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को सीज किया गया है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष रायवाला अमरजीत सिंह रावत, उपनिरीक्षक विक्रम सिंह नेगी, ताजवर सिंह, दिनेश महर, सचिन सैनी, प्रवीण सिन्धू शामिल रहे।

खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇