केदारनाथ पैदल मार्ग का होगा भूगर्भीय सर्वेक्षण! बीते रोज भूस्खलन से 2 की मौत व 15 घायल होने के बाद लिया गया निर्णय..
रूद्रप्रयाग। केदारनाथ पैदल मार्ग में छोटी लिनचोली के पास बीते रोज हुए भूस्खलन में 2 लोगों की मौत और 15 लोग घायल हुए थे, जिसके बाद अब केदारनाथ पैदल मार्ग में यात्रीयों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं, ऐसे में अब जिला प्रशासन रूद्रप्रयाग ने केदारनाथ पैदल मार्ग में हुए भूस्खलन के कारणों की जांच के लिए भूवैज्ञानिकों से भूगर्भीय सर्वेक्षण करवाने का फैसला लिया है।
विदित है कि बीते रोज बृहस्पतिवार को 3 बजकर 30 मिनट पर लिनचोली के पास गदेरे में भूस्खलन से 2 लोगों की मौत के साथ ही 15 लोग घायल हो गए थे, जिसके बाद केदारनाथ पैदल मार्ग पर छोटी लिनचैली में हुए भूस्खलन के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया है। भूस्खलन की अचानक हुई इस घटना के कारणों का पता लगाने के लिए प्रशासन भूवैज्ञानिकों से जल्द ही घटना स्थल के आसपास के पैदल मार्ग का भूसर्वेक्षण कराने की तैयारी कर रहा है, इस हादसे में दो व्यक्तियों समेत एक खच्चर की भी मौत हो गई थी।
अपनी इसी योजना के तहत आज प्रशासन ने छोटी लिनचोली में ड्रोन सर्वे करवाया। जिससे कारणों का पता चल सके। इसके अलावा डीडीएमए के अभियंताओं के पास वाकी-टॉकी भी दिए गए है। जिन्हें पहाड़ी के दूसरे छोर पर तैनात किया गया है। ये सभी इंजिनियर पहाड़ी की गतिविधियों पर नजर रखे हुए है। वही अब घटना की बारिकी से जांच करने के लिए भूगर्भीय सर्वेक्षण करवाया जा जाएगा। इसके लिए भूवैज्ञानिकों की टीम भी जल्द ही केदारनाथ पैदल मार्ग में पहुचेगी, जिसके बाद ही पहाड़ी से हुए भूस्खलन की घटना का हर तरह से पता चल सकेगा।
