उत्तराखंड स्थापना दिवस पर सीएम त्रिवेंद्र रावत की कई बड़ी घोषणाएं!
आज ही के दिन उत्तर प्रदेश से अलग होकर उत्तराखंड नया राज्य बना था। पृथक उत्तराखंड की मांग को लेकर कई वर्षों तक चले आंदोलन के बाद आखिरकार 9 नवंबर 2000 को उत्तराखण्ड को 27वें राज्य के रूप में भारत गणराज्य के शामिल किया गया। आज उत्तराखंड स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। इस मौके पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सांस्कृतिक शोभा यात्रा को रवाना किया और प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी।
इस मौके पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पुलिस द्वारा आयोजित रैतिक परेड की सलामी ली। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक भी मौजूद रहे। राजनाथ सिंह ने उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के समारोह भार-भारती का शुभारम्भ किया। कार्यक्रम में विभिन्न हिस्सों की संस्कृति की झलक पेश की गई। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि पिछले 19 वर्ष में उत्तराखंड ने तीव्र प्रगति की है। प्रति व्यक्ति आय और विकास दर के मामले में उत्तराखंड देश के कई राज्यों से आगे है। हम सब मिल जुलकर उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए प्रयास कर रहे हैं। समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रयास कर रहे हैं।
उत्तराखंड स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र रावत द्वारा की गयी कुछ घोषणाएं-
- वृद्धावस्था, विकलांगता, विधवा पेंशन में 200 रुपए की वृद्धि की जाएगी।
- उपनल कर्मचारियों का मानदेय बढ़ाकर 500 प्रतिदिन किया जाएगा
- राज्य में माधोसिंह भंडारी राज्य कृषि विकास परियोजना लागू होगी।
- राज्य के सभी जिलों में आधुनिक तरीके से भू-बंदोबस्त किया जाएगा। पौड़ी और अल्मोड़ा में भू-बंदोबस्त का काम शीघ्र शुरू होगा
- सीमांत क्षेत्रों के विकास के लिए मुख्यमंत्री सीमांत क्षेत्र विकास योजना लाई जाएगी।
- होमस्टे योजना पर स्टांप ड्यूटी में छूट दी जाएगी
- इको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए नीति बनाई जाएगी
- आंगनवाडी केंद्रों पर 3 से 6 वर्ष के बच्चों के लिए सप्ताह में 4 दिन दूध, 2 दिन अंडा व 2 दिन केला उपलब्ध होगा।
- मंडुआ, झंगोरा, तथा दालों के डैच् को स्वीकृति दी जाएगी।
- पोषण, समाज कल्याण, शिक्षा, स्वच्छता,पेयजल, आवास का लाभ के लिए सर्व उत्थान-सर्व समृद्धि अभियान चलाया जाएगा।
- राज्य में रूरल बिजनेस इन्क्यूबेटर्स की स्थापना की जाएगी।
- कामकाजी महिलाओं के बच्चों की देखभाल के लिए सेलाकुईं व रुद्रपुर में महिला हॉस्टल का निर्माण किया जाएगा।