पुश्ता ढ़हने से दर्जनों घरों पर मंडराया खतरा, तार जाल और पत्थर डालकर कर चलता बना सिंचाई विभाग! कई परिवारों ने किए मकान खाली..

पुश्ता ढ़हने से दर्जनों घरों पर मंडराया खतरा, तार जाल और पत्थर डालकर कर चलता बना सिंचाई विभाग
कई परिवारों ने किए मकान खाली..
फोटो-खांडगांव के सैनिक कालोनी में पुश्ता ढहने से मकानों को खतरा।
महेश पंवार, रायवाला।
ग्रामसभा खांडगांव में सैनिक कालोनी के पास पुश्ता दरकने से एक कालोनी के एक दर्जन घरों पर भूस्खलन का खतरा मंडराने लगा है। लगातार हो रही बारिश से मकानों के ढ़हने का खतरा बना हुआ है। जिलाधिकारी के आदेश के बाद भी सिंचाई विभाग ने पुश्ते का काम शुरू नही किया है। 

बीईजी कैंप रोड़ स्थित सैनिक कालोनी में रहने वाले सैकड़ों लोग दहशत के साए में जीने को मजबूर हैं। लगातार हो रही बारिश के चलते यहां रहने वाले लोगों के दिलों दहशत बनीं हुई है। गौरतलब है कि नौ जुलाई की सुबह पानी का जलजला सैनिक कालोनी में जा घुसा जहां पानी एक पुश्ते को तोड़ता हुआ खेतों में जा घुसा। पुश्ते के दरक जाने के बाद दर्जनों मकान खतरे की जद में आ गए है। स्थानीय ग्रामीण पहले तो उपजिलाधिकारी से मिले लेकिन उनका जवाब था कि जो पुश्ता ढहा है वह प्राइवेट भूमि पर बना हुआ था। उपजिलाधिकारी के इस जवाब के बाद ग्रामीण जिलाधिकारी के मिलने पहुंचे और उनसे सुरक्षा की गुहार लगाई। जिसके बाद जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी ऋषिकेश से दूरभाष पर वार्ता कर उन्हें जल्द से जल्द पुश्ते का निर्माण करने के निर्देश दिए। खास बात यह है कि जिलाधिकारी के निर्देश को एक सप्ताह से अधिक समय हो गया है मौके पर तार जाल डाल कर छोड़ दिए गए हैं। 

लेकिन अब तक कार्य शुरू नही हो पाया है। ऐसे में कालोनी में रहने वाले लोग काफी भयभीत दिखायी दे रहे है। उपजिलाधिकारी ऋषिकेश प्रेमलाल का कहना है कि इसके लिए सिंचाई विभाग को निर्देशित किया जा चुका है। कालोनी में रहने वाले देवाशीष सरकार, संगीता कश्यप व भगत सिंह के मकान पूरी तरह खतरे की जद में हैं और वह अपने मकान खाली कर कहीं ओर शरण ले चुके है। कमल रावत, नरेंद्र भट्ट, एसएस राणा, शशि, ममता कंडारी, हिमांशु, रामेश्वर, सुदामा, मनदीप, गणेश प्रसाद, सुरेशानंद, विक्रम, विश्वबन्धु, उन्नत राणा ने बताया कि उनके मकानों को खतरा बना हुआ है। निवर्तमान उपप्रधान दीवान सिंह चैहान ने बताया कि जिलाधिकारी ने आपदा मद से पुश्ता निर्माण के निर्देश दिए हैं लेकिन अब तक कार्य शुरू नहीं हुआ है। 

खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇