रूद्रप्रयाग- खलियाण बांगर में निर्माणाधीन भेड़ प्रजनन केन्द्र बन रहा पशुपालकों की आशा की किरण..!

रूद्रप्रयाग- खलियाण बांगर में निर्माणाधीन भेड़ प्रजनन केन्द्र बन रहा पशुपालकों की आशा की किरण..!

जखोली। पहाड़ों में पशुपालन अनादि काल से ही सबसे प्रमुख जीविका का साधन के साथ ही व्यवसाय भी रहा है, लेकिन अब धीरे-धीरे पशुपालकों की संख्या में गिरावट आई है, इसके भले ही कई कारण हो सकते हैं लेकिन अब रूद्रप्रयाग जिले के पशुपालकों के लिए खलियाण बांगर में निर्माणाधीन भेड़ प्रजनन केन्द्र आशा की किरण है, जो जल्द ही बनकर तैयार होने वाला है। 
खलियाण बांगर में निर्माणाधीन भेड़ प्रजनन केन्द्र
खलियाण बांगर में निर्माणाधीन भेड़ प्रजनन केन्द्र
रामरतन पंवार 
प्रखंड जखोली के अंतर्गत ग्राम पंचायत खलियाण मे लगभग 250 से भी अधिक नाली भूमि मे भेड़ प्रजनन केन्द्र का निर्माण किया जा रहा है। भेड़ प्रजनन केन्द्र का निर्माण पेयजल जल निगम श्रीनगर के द्वारा किया जा रहा है, जो कि लगभग डेढ़ करोड़ रुपए की लागत से बनकर तैयार किया जायेगा। हालांकि जिस स्थान पर भेड़ प्रजनन केन्द्र का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है उस जगह पर 1960 के दशक से भेड़ प्रजनन केन्द्र का संचालन सरकार द्वारा किया जा रहा। क्षेत्रवासी बताते है कि इससे पूर्व यह प्रजनन केन्द्र पशुपाल विभाग की लापरवाही के चलते व सरकार की अनदेखी के कारण बन्द होने की कगार पर पहुंच गया था। उस समय पौंठी व खलियाण के नौ व्यक्ति इस सी-फार्म मे नौकरी करते थे। इन्ही लोगों ने अपनी पूरी निष्ठा, ईमानदारी, सेवा भाव से अपनी सेवाएं दी तथा केन्द्र को इतने सालों तक जीवित रखा।


पहले इस सी-फार्म में लगभग 250 से अधिक आस्ट्रेलियाई भेड़े हुआ करती थी। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता व पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य कुलेन्द्र सिंह राणा, जिला पंचायत सदस्य महाबीर सिंह पंवार, सामाजिक कार्यकर्ता सज्जन सिंह राणा आदि जनप्रतिनिधियों का कहना है कि क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों व जनता के  प्रयासो के चलते ग्राम पंचायत खलियाण मे इस भेड़ प्रजनन केन्द्र के जीर्णोद्धार हेतु शासन प्रशासन पर दबाव बनाया गया और तब जाकर क्षेत्रवासियों का सपना पूरा हुआ। 

इस सफलतम प्रयास के बाद आज खलियाण मे भवन निर्माण का कार्य तीव्रता से चल रहा है, साथ ही एक गेस्ट हाउस का भी निर्माण किया जा है। क्षेत्रवासियो का ये भी कहना है कि भेड़ प्रजनन केन्द्र को एक बहुउद्देशीय फार्म के रुप मे बिकसित किया जाय, जिससे कि क्षेत्रीय पशुपालकों, भेड़ पालकों मे एक नयी आस जगे। करोड़ो रुपए की लागत से बनाये जाने वाले इस भेड़ प्रजनन केन्द्र से जनता मे भारी उत्सुकता दिखाई दे रही है।

खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇